रात 3:15 बजे मसूरी मालरोड पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, नशे में महिला पर्यटक के हंगामे से मची अफरा-तफरी

Spread the love

मसूरी। रविवार देर रात करीब 3:15 बजे मसूरी के लाइब्रेरी चौक स्थित मालरोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में धुत एक महिला पर्यटक ने बीच सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। महिला के शोर-शराबे और विवाद के चलते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालात बिगड़ते देख उसकी एक महिला साथी ने 112 आपातकालीन सेवा पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला समेत उसके तीन साथियों को चौकी ले गई। पुलिस के अनुसार, चारों पर्यटक दिल्ली से मसूरी घूमने आए थे। महिला नशे की हालत में अपने ही साथियों से अभद्र व्यवहार कर रही थी। चौकी पहुंचने के बाद भी उसने पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद लोगों पर आरोप लगाने शुरू कर दिए।

देर रात और महिला से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने संयम बरतते हुए सभी की काउंसलिंग कराई। कुछ देर बाद जब महिला का नशा उतरा तो उसने और उसके साथियों ने अपने व्यवहार पर खेद जताया। किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिलने पर पुलिस ने सख्त चेतावनी देकर सभी को छोड़ दिया।

https://www.facebook.com/share/v/1JADXEnUBi/

पुलिस ने पर्यटकों से सार्वजनिक स्थानों पर जिम्मेदारी से व्यवहार करने और पर्यटन स्थलों की गरिमा बनाए रखने की अपील की है।