पत्नी को दिया तीन तलाक, फिर बहनोई से हलाला का दबाव, आरोपी पति गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में विवाहिता ने अपने पति फरमान और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि पति ने पहले उसके साथ मारपीट की और तीन तलाक देकर उसे घर से अलग कर दिया। बाद में दोबारा साथ रखने के लिए कथित तौर पर उस पर अपने बहनोई के साथ हलाला करने का दबाव बनाया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने फरमान समेत उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

महिला के अनुसार, करीब ढाई साल पहले उसका निकाह बिजनौर के इस्लामपुर निवासी फरमान से हुआ था। निकाह के बाद दोनों देहरादून में किराये के मकान में रहने लगे। करीब चार महीने पहले पति ने कथित तौर पर उसे तीन तलाक दे दिया। उस समय पति की बहन भी वहां मौजूद थी। इसके बाद महिला अपने मायके चली गई, लेकिन उसने रिश्ते को बचाने के लिए पति से दोबारा साथ रहने की कोशिश की।

महिला का आरोप है कि 14 जुलाई को वह फरमान के गांव स्थित घर पहुंची और पति व ससुराल वालों से उसे वापस साथ रखने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह देहरादून लौट आई। कुछ समय बाद फरमान भी वहां पहुंचा और कथित तौर पर माफी मांगकर दोबारा साथ रखने की बात कही।

साथ रखने के बदले फरमान ने उसके सामने हलाला की शर्त रखी। आरोप के मुताबिक, उसे अपने बहनोई के साथ हलाला करने के लिए लगातार दबाव दिया गया। महिला ने इसका विरोध करते हुए पुलिस से शिकायत की। उसने पुलिस को मोबाइल संदेश समेत मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य की जांच कराने की मांग भी की है।

पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने फरमान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में सामने आए अन्य आरोपों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है।