
सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवती को हरिद्वार तक ले आई, लेकिन यहां पहुंचने के बाद सामने आए घटनाक्रम ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया। मध्य प्रदेश की रहने वाली युवती ने एक युवक पर इंस्टाग्राम पर अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर दोस्ती करने, शादी का झांसा देने, शारीरिक शोषण करने और मतांतरण के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पथरी थाना पुलिस ने युवक, उसकी मां, भाई और एक अन्य व्यक्ति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों की तलाश के साथ मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के सतना जिले की रहने वाली युवती की करीब चार वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से बातचीत शुरू हुई थी। युवती का आरोप है कि उस समय युवक की इंस्टाग्राम आइडी पर नाम ‘अमन सिंह’ था और वह भी अपना नाम अमन बताता था।
आरोप है कि वर्ष 2024 में इंस्टाग्राम आइडी का नाम बदलकर शाहरुख कर दिया गया, लेकिन युवती से बातचीत के दौरान वह अपना नाम अमन ही बताता रहा। दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत और संपर्क बना रहा।
युवती के मुताबिक, 13 सितंबर को वह अमन से शादी करने के इरादे से घर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी। अगले दिन सुबह करीब पांच बजे वह दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां से युवक उसे अपने साथ ले गया। पीड़िता का आरोप है कि उसे एक कमरे में रखा गया। वहां युवक ने अपनी वास्तविक पहचान मुस्लिम बताते हुए शादी से पहले मतांतरण करने की बात कही। युवती ने इसका विरोध किया तो उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए जाने का आरोप है।
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि युवक की मां और भाई ने भी उस पर मतांतरण और शादी के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया गया।पीड़िता का दावा है कि वह करीब तीन दिन तक कमरे में बंद रही और इस दौरान उसे भोजन तक नहीं दिया गया। इसके बाद 18 सितंबर को उसने खुद को एक अस्पताल में पाया।
शिकायत के अनुसार, 19 सितंबर को युवक अस्पताल पहुंचा और युवती को कथित तौर पर बेहोशी की हालत में वाहन से किसी अज्ञात स्थान पर छोड़कर चला गया। इसके बाद युवती ने अपने भाई से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।
25 सितंबर को स्वजन युवती को लेकर पथरी थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शाहरुख, उसकी मां, भाई और समीर नामक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की तलाश की जा रही है और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच के साथ आगे की कार्रवाई की जाएगी।




