हल्द्वानी में विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप, दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी। शहर के मुखानी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2024 में विवाह के समय उसके मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार आभूषण, घरेलू सामान और नकद राशि दी थी। इसके बावजूद विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज और मायके की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसे रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं तक के लिए परेशान किया जाता था। यहां तक कि मासिक धर्म के दौरान इस्तेमाल होने वाले सेनेटरी पैड जैसी जरूरी चीजें भी समय पर उपलब्ध नहीं कराई जाती थीं। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मासिक धर्म के दौरान उसकी इच्छा के विरुद्ध पति ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

पीड़िता का कहना है कि वह अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती थी, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसकी शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग देना भी बंद कर दिया। मजबूरी में उसे अपनी पढ़ाई और परीक्षा शुल्क के लिए मायके से पैसे मंगवाने पड़े।

शिकायत के अनुसार, पिछले वर्ष मार्च में जब वह कॉलेज से परीक्षा देकर घर लौटी तो उसके साथ फिर मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।

मुखानी थाना पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg