Instagram पर दोस्ती, नैनीताल में पहली मुलाकात… फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अरीशा समेत तीन पर केस दर्ज

Spread the love

नैनीताल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर युवती और उसके दो साथियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धमकी देकर पैसे वसूलने और सोशल मीडिया के जरिए परेशान करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उत्तराखंड के नैनीताल में पहली मुलाकात हुई। इसके बाद कथित तौर पर निजी तस्वीरों और वीडियो के सहारे ब्लैकमेलिंग का सिलसिला शुरू हो गया, जो कई वर्षों तक चलता रहा।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, संभल के चौधरी सराय निवासी शाहरुख की करीब तीन वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर दीपा सराय निवासी अरीशा से पहचान हुई थी। सोशल मीडिया पर लगातार बातचीत के बाद दोनों ने मिलने का फैसला किया। शिकायत के मुताबिक, दोनों अपने-अपने दोस्तों के साथ नैनीताल पहुंचे, जहां उनकी पहली आमने-सामने मुलाकात हुई। यहीं से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बातचीत का सिलसिला आगे चलता रहा।

शाहरुख का आरोप है कि इस दौरान उसके कुछ निजी और आपत्तिजनक फोटो तथा वीडियो रिकॉर्ड कर लिए गए। कुछ समय बाद अरीशा ने अपने कथित साथियों अनस और शुऐब उर्फ शुऐब बेकरी के साथ मिलकर उन्हीं फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देना शुरू कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि बदनामी और झूठे मुकदमे में फंसाने का डर दिखाकर उससे पहले 55 हजार रुपये लिए गए। पीड़ित का दावा है कि उसने ऑनलाइन भुगतान किया था और उसके लेनदेन के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि लगातार विवाद के बाद 1 जुलाई 2023 को दोनों पक्षों के बीच स्टाम्प पेपर पर समझौता हुआ था। पीड़ित के अनुसार, उस समझौते में पहले लगाए गए आरोपों को गलत बताया गया था, जिसके बाद मामला कुछ समय के लिए शांत हो गया। लेकिन कुछ महीनों बाद फिर अलग-अलग सोशल मीडिया आईडी और मोबाइल नंबरों से संपर्क कर दोबारा पैसों की मांग शुरू कर दी गई।

शाहरुख का आरोप है कि इस बार उससे दो लाख रुपये की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर निजी फोटो और वीडियो वायरल करने, सोशल मीडिया पर बदनाम करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई। लगातार बढ़ते दबाव के बाद उसने संभल की सदर कोतवाली पहुंचकर पूरी घटना की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी।

शिकायतकर्ता का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में वह अलग-अलग मौकों पर करीब चार लाख रुपये तक दे चुका है। उसका आरोप है कि नई-नई सोशल मीडिया आईडी बनाकर उसके खिलाफ पोस्ट और स्टोरी डाली जाती थीं और उन्हें हटाने के बदले पैसे मांगे जाते थे। इतना ही नहीं, मुकदमा दर्ज होने के बाद भी फोन पर धमकियां मिलने और सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ पोस्ट डालने का सिलसिला जारी रहने का आरोप लगाया गया है।

शाहरुख ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया है कि यह केवल उसके साथ हुई घटना नहीं है, बल्कि आरोपित लोग कथित तौर पर संगठित तरीके से कई लोगों को इसी तरह निशाना बनाकर ब्लैकमेल करते हैं। हालांकि इस दावे की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है और इसे जांच का विषय बताया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अरीशा, अनस और शुऐब उर्फ शुऐब बेकरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।