45 पार का लक्ष्य, लेकिन नेतृत्व पर असमंजस! कांग्रेस में किसके नाम पर लगेगी मुहर?

हल्द्वानी। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री चेहरे और नेतृत्व की भूमिका को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोमवार को हल्द्वानी में मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर कहा कि पार्टी में उनसे खूबसूरत कई लोग हैं और इस संबंध में राहुल गांधी ही निर्णय लेंगे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की संगठन में जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव लड़ने की बात कही। कांग्रेस ने चुनाव में 45 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य भी रखा है। हालांकि, सामूहिक जिम्मेदारी की इस रणनीति के बीच पार्टी में पहले भी कई बार सामने आ चुके अंदरूनी मतभेद अब 2027 के चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम हो गए हैं।

दरअसल, उत्तराखंड कांग्रेस में नेतृत्व और संगठनात्मक वर्चस्व को लेकर खींचतान कोई नई बात नहीं है। इस साल मार्च-अप्रैल में रामनगर के संजय नेगी को पार्टी में शामिल कराने के मुद्दे पर हरीश रावत की नाराजगी सामने आई थी। उन्होंने 15 दिन के राजनीतिक अवकाश की घोषणा तक कर दी थी। इसके बाद हरीश रावत और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के बीच भी बयानबाजी हुई। वहीं, अक्टूबर में हरीश रावत की धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा को लेकर प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की ओर से उन्हें कार्यक्रम रोकने के लिए पत्र लिखे जाने और इसके बावजूद यात्रा जारी रहने का मामला भी सुर्खियों में रहा। इससे पार्टी के भीतर केंद्रीय नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय को लेकर सवाल उठे।

नवंबर में भी पार्टी के भीतर मतभेद की चर्चा थमी नहीं। बागेश्वर में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच माला पहनाने को लेकर हुई असहज स्थिति का वीडियो चर्चा में रहा। भाजपा ने इसे कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान से जोड़ा, जबकि कांग्रेस नेताओं ने इसे सामान्य घटनाक्रम बताते हुए विवाद को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने की बात कही। ऐसे में अब हरीश रावत का मुख्यमंत्री चेहरे का निर्णय राहुल गांधी पर छोड़ना भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सवाल यह है कि क्या कांग्रेस चुनाव तक अपने वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय स्थापित कर एक साझा नेतृत्व की तस्वीर पेश कर पाएगी या मुख्यमंत्री पद की दावेदारी और संगठन में भूमिका को लेकर खींचतान आगे भी चर्चा में रहेगी।

Advertisement

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg