अल्मोड़ा। जनपद के मालगांव में एक गुलदार ने पिता-पुत्र पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दोनों का बेस अस्पताल में उपचार किया गया। वन विभाग की टीम ने गश्त कर गांव में पिंजरा लगा दिया है। वहीं दूसरी ओर एक युवती भी गुलदार के हमले में बाल-बाल बच गई।
मालगांव में हिमानी सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने आंगन में कुत्ते के साथ आई थी। इसी बीच गुलदार ने कुत्ते पर हमला कर दिया। युवती जान बचाने को शौचालय की ओर दौड़ी। गुलदार ने हमला कर शौचालय का दरवाजा तोड़ दिया। युवती की मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। जिसके बाद गुलदार एक मकान की गली में छिप गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे 29 वर्षीय दिनेश सिंह बिष्ट पर गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। अपने पुत्र को बचाने दौड़े 66 वर्षीय पिता पर भी गुलदार झपट गया। घटना में पिता-पुत्र घायल हो गए। घायलों को बेस अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
वन विभाग की माने तो घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान गुलदार एक गली में ही दुबका रहा। लोगों की भीड़ के बीच गुलदार को भागने का रास्ता नहीं मिला। इसी के चलते गुलदार हमलावर हो गया। जो भी सामने आया गुलदार ने उस पर हमला कर दिया।
वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम आर्या ने बताया कि टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों का बेस अस्पताल में उपचार कराया गया है। गांव में वनकर्मी गश्त कर रहे हैं। एहतियातन घटनास्थल के आसपास पिंजरा लगा दिया गया है। लोगों से अलर्ट रहने की अपील की गई है।
