उत्तराखंड के चंपावत जिले के रीठा साहिब क्षेत्र में सामने आया नाबालिग से दुष्कर्म और नवजात की कथित खरीद-फरोख्त का मामला कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आरोप है कि दिसंबर 2025 में एक 54 वर्षीय व्यक्ति ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। इसके बाद गर्भावस्था की जानकारी छिपाने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए गए। प्रसव के बाद जन्मी बच्ची को भी बेच दिए जाने का आरोप है। पुलिस ने अब मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और नवजात बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है।
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना रीठा साहिब में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी थी। शिकायत में ग्राम साल निवासी मदन सिंह बोहरा पर दिसंबर 2025 में उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया। शिकायत के मुताबिक, इसके चलते किशोरी गर्भवती हो गई थी। आरोप है कि इस बात को छिपाने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए गए और प्रसव के बाद नवजात बच्ची को बेच दिया गया।
अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस ने एफआईआर संख्या 07/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 65(1), 351(2) और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की। मामले में मुख्य आरोपी के अलावा अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि गर्भावस्था छिपाने के लिए दस्तावेज किसने तैयार किए, प्रसव कहां कराया गया और नवजात को किस व्यक्ति को सौंपा गया। हालांकि, इन सवालों पर पुलिस की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
एसपी ने गठित की विशेष टीम, एसओजी और सर्विलांस की ली मदद
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने आरोपी की गिरफ्तारी और नवजात की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की थी। क्षेत्राधिकारी चंपावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। जांच में तकनीकी साक्ष्य, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद ली गई। एसओजी टनकपुर की टीम को भी कार्रवाई में शामिल किया गया।
न्यायालय परिसर के बाहर से हुई गिरफ्तारी
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 27 नवंबर को मुख्य आरोपी मदन सिंह बोहरा (54), निवासी ग्राम साल, थाना रीठा साहिब को चंपावत न्यायालय परिसर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कथित रूप से बेची गई नवजात बच्ची को भी सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है और मामले की विवेचना जारी है।




