हल्द्वानी। उत्तराखंड में मानदेय और रोजगार से जुड़ी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे विभिन्न वर्गों के बीच शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक के फैसलों ने अलग-अलग तस्वीर सामने रखी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई। उनका मानदेय 8300 रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। वहीं, नियमित रोजगार और महंगाई भत्ते की मांग कर रहे पीआरडी जवानों को अपनी मांगों पर ठोस फैसले का इंतजार है।
आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणा के अनुसार बढ़ा हुआ मानदेय एक दिसंबर 2026 से लागू होना है। स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आशा कार्यकर्ताओं को लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की उम्मीद थी। कैबिनेट की मंजूरी से प्रदेश की आशा कार्यकर्ताओं को आर्थिक राहत मिलेगी।
पीआरडी जवानों को नियमित रोजगार का इंतजार
दूसरी ओर, प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवान 365 दिन नियमित रोजगार और होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (डीए) देने की मांग कर रहे हैं। संगठन के जिलाध्यक्ष नवीन सिंह बिष्ट के अनुसार, गुरुवार को प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव से मुलाकात की थी। अधिकारियों ने मांगों पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया, लेकिन जवानों को अब तक उनकी प्रमुख मांगों पर अंतिम निर्णय का इंतजार है।
इससे पहले मुख्यमंत्री पीआरडी जवानों को होमगार्ड के समान मानदेय देने के विषय में समिति गठित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे चुके हैं। हालांकि, समिति के स्तर पर होने वाली प्रक्रिया और जवानों की 365 दिन रोजगार की मांग पर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
आंदोलन की तैयारी में संगठन
संगठन ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इसके तहत 28 नवंबर को प्रदेशभर में कैंडल मार्च निकालने और 30 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करने का कार्यक्रम घोषित किया गया है। ऐसे में कैबिनेट बैठक के बाद आशा कार्यकर्ताओं को आर्थिक राहत मिली है, जबकि पीआरडी जवानों की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।




