कैबिनेट के फैसले पर टिकी पीआरडी जवानों की उम्मीदें, रोजगार और डीए पर सरकार से आर-पार की तैयारी

प्रदेश में लंबे समय से नियमित रोजगार और बेहतर वेतन सुविधाओं की मांग उठा रहे पीआरडी जवानों की निगाहें शुक्रवार को होने वाली धामी कैबिनेट की बैठक पर टिकी हैं। जवानों को उम्मीद है कि सरकार उनकी दो प्रमुख मांगों पर कोई ठोस निर्णय ले सकती है। मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं होने की स्थिति में संगठन ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है।

पीआरडी जवानों की प्रमुख मांगों में साल के सभी 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराना और होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (डीए) देने की मांग शामिल है। संगठन का कहना है कि रोजगार की अनिश्चितता और वेतन संबंधी सुविधाओं का अभाव जवानों के सामने लगातार चुनौती बना हुआ है।

कैबिनेट बैठक से पहले गुरुवार को प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। अधिकारियों की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया है, लेकिन जवानों को अब आश्वासन के बजाय कैबिनेट से निर्णय की उम्मीद है।

संगठन के जिलाध्यक्ष नवीन सिंह बिष्ट के अनुसार, बैठक में मांगें पूरी नहीं होने पर 28 नवंबर को प्रदेशभर में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद 30 नवंबर को पीआरडी जवान मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे।

दूसरी ओर कैबिनेट के एजेंडे में महिला स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदियों को प्रोत्साहन राशि, अतिथि शिक्षकों के वेतन तथा भोजनमाताओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय से जुड़े विषय भी शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा कार्मिक, शिक्षा, वन, उद्योग और स्वास्थ्य विभाग के प्रस्तावों पर भी चर्चा संभावित है।

Advertisement

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg