रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र में गुलदार का आतंक एक बार फिर लोगों के सामने आ गया। सोमवार दोपहर मवेशियों को लेने जंगल गई 22 वर्षीय युवती पर घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। कुछ ही पल में युवती लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। उसकी चीखें सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़े और शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार उसे छोड़कर जंगल में भाग निकला। गंभीर रूप से घायल युवती को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, ऐना गांव निवासी बबीता दोपहर करीब तीन बजे गांव की अन्य महिलाओं और बच्चों के साथ मवेशियों को लेने जंगल की ओर गई थी। बताया जा रहा है कि साथी लोग पीछे रुक गए, जबकि बबीता अकेले आगे बढ़ गई। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उस पर अचानक झपट्टा मार दिया। देखते ही देखते उसके सिर, चेहरे, गर्दन और पीठ पर गहरे घाव हो गए।
युवती की दर्दनाक चीखें सुनकर ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया। लोगों की भीड़ और आवाज सुनते ही गुलदार जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने बबीता को खून से लथपथ हालत में बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेज दिया।
इलाके में फिर लौट आया गुलदार का खौफ
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार और जंगली सूअरों का आतंक बना हुआ है। मवेशियों पर लगातार हमले हो रहे हैं और अब इंसानों पर भी हमले बढ़ने लगे हैं। वर्ष 2022 में भी इसी वन क्षेत्र के पास एक बुजुर्ग गुलदार का शिकार बन चुका है।
घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। अधिकारियों के अनुसार, गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे भी लगाए जाएंगे।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल गुलदार को पकड़ने और आबादी वाले इलाकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।


