हरिद्वार: गंगा घाट पर पालतू कुत्ते को नहलाने पर हंगामा, वीडियो वायरल

Spread the love

हरिद्वार। सर्वानंद घाट पर एक महिला द्वारा पालतू कुत्ते को गंगा में नहलाने का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि यात्रियों के एक दल के साथ आई महिला अपने पालतू कुत्ते को गंगा में नहला रही थी। इसी दौरान घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों ने इसका विरोध किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब लोगों ने महिला को ऐसा करने से रोका तो वह उल्टा बहस करने लगी। हालांकि मामला बढ़ता देख परिजनों ने हस्तक्षेप किया और महिला को समझाकर कुत्ते सहित वहां से रवाना कर दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हो गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर किया गया, जहां अपलोड करने वाले व्यक्ति ने गलती से सर्वानंद घाट को श्रद्धानंद घाट लिख दिया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है और गंगा की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त नियम लागू करने की मांग उठ रही है।

तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अधूरी जानकारी और जागरूकता की कमी के कारण लोग इस तरह की हरकतें करते हैं। उन्होंने कहा कि मां गंगा सभी के लिए आस्था का प्रतीक हैं और उनकी पवित्रता बनाए रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है जब गंगा की स्वच्छता और गरिमा से जुड़ा विवाद सामने आया हो। इससे पहले भी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें गंगा की निर्मलता और अविरलता को लेकर सवाल उठे हैं। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है और लोग इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।