रुड़की। हरिद्वार जिले के बुग्गावाला थाना क्षेत्र के बंजारेवाला गांव में हुए दिल दहला देने वाले हादसे के बाद आखिरकार वन विभाग की टीम ने उस मगरमच्छ को पकड़ लिया है, जिसने 12 साल के मासूम को अपना शिकार बना लिया था। मगरमच्छ के रेस्क्यू के बाद जहां ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, वहीं बच्चे की मौत से पूरे गांव में गहरा शोक और मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बंजारेवाला निवासी रामकुमार का 12 वर्षीय बेटा राम रहीम स्टोन क्रशर के पास मौजूद था। इसी दौरान अचानक एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे खींचकर पानी में ले गया। इस भयावह घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बुग्गावाला थाना प्रभारी निरीक्षक अंकुर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने मगरमच्छ को पकड़ने में सफलता हासिल की और उसे अपने साथ ले गई। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों में कुछ राहत जरूर दिखी, लेकिन मासूम की मौत का गम हर चेहरे पर साफ नजर आया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के घर पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से ऐसे खतरनाक जानवरों से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है।

