लूडो की बाजी में हुआ विवाद, ईंट के एक वार ने ले ली युवक की जान

Spread the love

रुद्रपुर। ईदगाह मैदान में दोस्तों के साथ लूडो खेलना 27 वर्षीय शाहनवाज के लिए आखिरी खेल साबित हुआ। लूडो खेलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने शाहनवाज के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शाहनवाज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

वार्ड नंबर 18 खेड़ा निवासी शाहनवाज बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे खाना खाने के बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित ईदगाह मैदान पहुंचा था। वहां वह अपने दोस्तों आजम, कासिम, वसीम, अरमान और चांद के साथ लूडो खेल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का गोलू वहां पहुंचा और उनके साथ लूडो खेलने की इच्छा जताई।

आरोप है कि शाहनवाज ने गोलू को उम्र में छोटा बताते हुए खेलने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और गोलू वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह दोबारा ईदगाह मैदान पहुंचा। आरोप है कि इस बार उसने पीछे से शाहनवाज के सिर पर ईंट से वार कर दिया।

हमले में शाहनवाज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसे आइसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन गुरुवार रात उसकी हालत और बिगड़ गई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर सीओ सिटी विभव सैनी, कोतवाल प्रकाश दानू और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के भाई फरमान की तहरीर पर पुलिस ने गोलू के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ सिटी के मुताबिक आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।