अल्मोड़ा। जिले के देवस्थल क्षेत्र के पास स्थित कोसी नदी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने और घूमने पहुंचे दोस्तों के समूह में से दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, पांच दोस्त देवस्थल के समीप कोसी नदी किनारे समय बिताने पहुंचे थे। सभी युवक नदी में नहा रहे थे और मौज-मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए। तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वे पानी में फंस गए और देखते ही देखते डूबने लगे।
साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
मृतकों की पहचान अल्मोड़ा निवासी 26 वर्षीय सोनू कनवाल और मूल रूप से बागेश्वर निवासी, वर्तमान में हल्द्वानी में रह रहे 37 वर्षीय धीरज गड़िया के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। इस हादसे ने एक बार फिर नदी में नहाने के दौरान सतर्कता बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है।


