
देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में 21 सितंबर को हुई काजल की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात के आरोप में मृतका के पति धीरज पंवार उर्फ लल्लू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी के तलाक लेने की तैयारी की जानकारी मिलने के बाद धीरज तनाव में था और इसी दौरान उसने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा था। इसके बाद वह देहरादून पहुंचा और 21 सितंबर को काजल की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद काजल के भाई की तहरीर पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। वारदात के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और फरार हो गया। पुलिस के लिए उसकी तलाश इसलिए भी चुनौतीपूर्ण रही क्योंकि उसका कोई स्थायी ठिकाना नहीं था।
पुलिस के मुताबिक, शादी के बाद धीरज पत्नी और बच्चों के साथ नियमित रूप से नहीं रह रहा था, बल्कि सहारनपुर में पत्नी के मायके में रहता था। पुलिस ने तलाश के बाद 23 सितंबर को उसे क्लेमेनटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से हत्या में इस्तेमाल हथियार और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।




