देहरादून। राजधानी देहरादून में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। लालपुल क्षेत्र में एक बेकाबू सिटी बस ने काम की तलाश में सड़क किनारे बैठे मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे आईएसबीटी से राजपुर की ओर जा रही सिटी बस अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार बस डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां बैठे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि कई मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। आसपास मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
https://www.facebook.com/reel/2544146179370863/?mibextid=9drbnH
घटना में घायल मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में बस चालक ने बताया कि उसे मिर्गी के दौरे पड़ते हैं और घटना से ठीक पहले भी उसे दौरा आया था, जिससे वाहन पर उसका नियंत्रण खत्म हो गया। हालांकि, पुलिस चालक के दावे की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच करा रही है।
आरटीओ विभाग की तकनीकी टीम ने भी बस का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में बस में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी या दस्तावेजी कमी नहीं पाई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लालपुल क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में मजदूर काम की तलाश में एकत्र होते हैं।


