हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में मंगलवार शाम एक निजी स्कूल परिसर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और परिसर में खड़ी दो बसों तथा एक जनरेटर को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को मुख्य भवन के भीतर फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल परिसर से उठती ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आग की शुरुआत परिसर के उस हिस्से से हुई जहां जनरेटर रखा गया था। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास में खड़ी दो बसें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दमकल कर्मियों की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे स्कूल के अन्य हिस्सों को बड़े नुकसान से बचाया जा सका।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। प्रारंभिक स्तर पर आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
https://www.facebook.com/share/r/1Cs4waG36x/
गौरतलब है कि हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में आग की घटनाओं के बाद अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार भी सार्वजनिक भवनों और संस्थानों की फायर सेफ्टी व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दे चुकी है।


