ताजियों की ऊंचाई-लंबाई की प्रशासन ने की जांच, पुलिस टीम ने फीता लेकर किया निरीक्षण

Spread the love

फिरोजाबाद में मुहर्रम के अवसर पर 26 जून को होने वाले ताजिया सुपुर्द-ए-खाक कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रखे गए ताजियों का प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है ताकि निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अनुज चौधरी ने शिकोहाबाद, जसराना और सिरसागंज समेत कई क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं फीते की सहायता से ताजियों की ऊंचाई और लंबाई की जांच की तथा आयोजकों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए।

https://www.facebook.com/share/r/14TXmh8dA73/

प्रशासन का कहना है कि कई बार अत्यधिक ऊंचे ताजियों के कारण बिजली की लाइनों से संपर्क होने का खतरा बना रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए इस वर्ष सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

उधर जिलाधिकारी संतोष शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। इस दौरान लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।

एएसपी अनुज चौधरी ने बताया कि सभी ताजियों की जांच की जा रही है और समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार से शासनादेश का उल्लंघन न किया जाए। नियमों के विपरीत कार्य पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय करबला कमेटी के पदाधिकारियों ने भी प्रशासन की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी समितियां निर्धारित नियमों के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित करेंगी। प्रशासन ने कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की भी व्यवस्था की है ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।