सीआरपीएफ कैंप हमले में 7 जवानों की मौत के आरोपी को पहले फांसी, फिर रिहाई… अब गोली मारकर हत्या

जिस रामपुर सीआरपीएफ कैंप हमले में सात जवानों समेत आठ लोगों की जान गई थी, उसी मामले में मौत की सजा पाने वाले मोहम्मद शरीफ की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया और वारदात के बाद फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल शरीफ को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। दिलचस्प यह है कि करीब एक साल पहले ही वह बरेली सेंट्रल जेल से बाहर आया था। कभी फांसी की सजा का सामना कर रहे शरीफ को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या, आतंकवाद और साजिश के आरोपों से राहत दे दी थी। हालांकि, आर्म्स एक्ट के मामले में उसकी सजा बरकरार रही थी।

आधी रात सीआरपीएफ कैंप पर हुआ था हमला

रामपुर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर 31 दिसंबर 2007 और एक जनवरी 2008 की दरमियानी रात आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में सात सीआरपीएफ जवानों और एक रिक्शा चालक की मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। जांच के दौरान रामपुर निवासी मोहम्मद शरीफ का नाम सामने आया था। वह सुहैल, साजिद, अनवर और अली समेत कई अन्य नामों से भी जाना जाता था।

इस मामले में रामपुर की अदालत ने वर्ष 2019 में मोहम्मद शरीफ समेत चार आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई थी। एक अन्य आरोपी को उम्रकैद दी गई थी। इसके बाद मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचा। 29 अक्टूबर 2025 को हाईकोर्ट ने जांच और साक्ष्यों में गंभीर खामियां पाते हुए निचली अदालत का फैसला पलट दिया। शरीफ समेत पांच आरोपियों को हत्या, आतंकवाद और आपराधिक साजिश के आरोपों से बरी कर दिया गया। हालांकि, आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-A) के तहत 10 साल की सजा और एक लाख रुपये जुर्माना बरकरार रखा गया।

जेल से बाहर आने के एक साल के भीतर हत्या

हाईकोर्ट के फैसले के बाद नवंबर 2025 में शरीफ बरेली सेंट्रल जेल से रिहा हो गया था। इस फैसले को उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। 11 फरवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति जताते हुए आरोपियों को नोटिस जारी किया था। मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन था। इसी बीच मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी। फिलहाल हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg