बिजली गुल, ऑक्सीजन पर सवाल और अस्पताल में हंगामा… बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उठे गंभीर आरोप

Spread the love

लोहाघाट। चंपावत जिले के लोहाघाट उपजिला अस्पताल में 79 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। परिजनों का आरोप है कि महिला की हालत बिगड़ने के दौरान अस्पताल की बिजली चली गई और ऑक्सीजन मशीन चलाने के लिए जनरेटर शुरू नहीं किया गया। उनका कहना है कि कर्मचारियों ने जनरेटर में डीजल नहीं होने की बात कहकर मदद से इनकार कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए।

ग्राम पंचायत सुंई पऊ निवासी 79 वर्षीय नंदी देवी लंबे समय से बीमार थीं और करीब दो सप्ताह से उपजिला अस्पताल में भर्ती थीं। शनिवार सुबह परिजन उन्हें घर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि उसी समय बिजली चली गई और ऑक्सीजन मशीन बंद हो गई। उन्होंने कर्मचारियों से जनरेटर चलाने की गुहार लगाई, लेकिन समय पर व्यवस्था नहीं हो सकी। कुछ ही देर बाद महिला ने दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक, ग्रामीण और कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में काफी देर तक हंगामा होता रहा। लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

वहीं अस्पताल प्रशासन ने परिजनों के आरोपों से अलग पक्ष रखा है। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि महिला पिछले दो सप्ताह से भर्ती थीं और उन्हें ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। उनका कहना है कि जनरेटर में डीजल मौजूद था और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने भी स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। यदि जांच में किसी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।