बागेश्वर में बारिश का कहर: भूस्खलन से 14 सड़कें बंद, स्कूलों में अवकाश, जनजीवन प्रभावित

Spread the love

बागेश्वर। जिले में लगातार हो रही बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने के कारण 14 मोटर मार्ग बंद हो गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क बाधित हो गया है। सड़कों को दोबारा चालू करने के लिए संबंधित विभाग युद्धस्तर पर राहत कार्य में जुटे हुए हैं।

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया। लगातार बारिश से गोमती और सरयू नदियों में सिल्ट बढ़ने के कारण कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बिजली और संचार सेवाओं में भी रुकावट की सूचना है।

जिले के कई प्रमुख संपर्क मार्ग भूस्खलन की चपेट में हैं। लगातार हो रही वर्षा के कारण मलबा हटाने का कार्य भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। लोक निर्माण विभाग और अन्य एजेंसियां मशीनों की मदद से मार्गों को जल्द खोलने का प्रयास कर रही हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और आपदा नियंत्रण कक्ष से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है।

बारिश के ताजा आंकड़ों के अनुसार गरुड़ क्षेत्र में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई, जबकि कपकोट और बागेश्वर मुख्यालय में भी अच्छी बारिश हुई। गोमती नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी देखी गई है, जबकि सरयू नदी का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है। प्रशासन लगातार स्थिति पर निगरानी रखे हुए है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी में है।