रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से अधिक किराया वसूलने का मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश से आए यात्रियों से घोड़ा संचालकों ने तय दर से कहीं ज्यादा पैसे ले लिए। यात्रियों ने बताया कि उनसे प्रति सवारी 6500 रुपये लिए गए, जबकि प्रशासन की निर्धारित दर 3500 रुपये है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संबंधित घोड़ा संचालकों के पास वैध लाइसेंस नहीं था। साथ ही जिन घोड़ों का उपयोग किया जा रहा था, वे माल ढुलाई के लिए पंजीकृत थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यात्रियों के पूरे पैसे वापस करवाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान किया। पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं के साथ ठगी, ओवररेटिंग और अवैध वसूली करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इधर चारधाम यात्रा मार्ग पर भारी भीड़ के कारण कई जगह लंबा जाम भी लग रहा है। रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड और बदरीनाथ मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

