उत्तरकाशी। शनिवार रात यमुनोत्री हाईवे पर अतिवृष्टि के बाद हुए भूस्खलन के मलबे में दबकर दो मजबूरों की मौत हो गई। इस आपदा के बाद जहां 20 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया है वहीं सात अभी भी लापता हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीमें सर्च और रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं।
यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड के पास शनिवार को करीब आधी के समय अतिवृष्टि के कारण भूस्खलन हो गया। आपदा के समय 29 मजदूर आवास बनाकर रहे रहे थे। भूस्खलन की चपेट में मजदूरों के आवास भी आ गए, जिससे नौ मजदूर लापता हो गए। रविवार दोपहर रेस्क्यू टीम ने दो मजदूरों के शवों को बरामद कर लिया। लापता सात मजदूरों को तलाशा जा रहा है। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय दूजेलाल, निवासी पीलीभीत उत्तरप्रदेश और 43 वर्षीय केवल बिष्ट पुत्र बम बहादुर निवासी कर्ममोहनी थाना राजापुर नेपाल के रूप में हुई है।
अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र के अनुसार सिलाई बैंड पर शनिवार देर रात्रि को पुलिस और राजस्व टीम ने रेस्क्यू करते हुए अब तक 20 मजदूरों को सुरक्षित निकाला है। उन्होंने बताया कि यमुनोत्री धाम जाने वाले के तीर्थ यात्रियों को जानकीचट्टी में रुकवाया गया है, जबकि वापस आने वाले तीर्थयात्रियों को खरादी में रुकने को कहा गया है। सिलाई बैंड के पास कई जगह से सड़क वॉशआउट होने से तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकवाया गया है। रेस्क्यू में जुटे कर्मियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही जिन यात्रियों की बुकिंग नहीं है, उनके लिए भी भोजन की व्यवस्था की जा रही है। जानकीचट्टी में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए लगातार सड़क को जल्द खोलने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा यात्रियों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है।
मृतक
लापता मजदूरों की पहचान
1. रोशन चौधरी 33 वर्ष पुत्र कुल्लू धारू निवासी भीमपुर थाना राजापुर जिला वर्दिया नेपाल
2. अनवीर धामी 40 वर्ष पुत्र प्रजन धामी निवासी स्वामिकार्तिक खापर वार्ड नम्बर 3 जिला बाजुरा नेपाल
3. कल्लूराम चौधरी 60 वर्ष पुत्र कर्ण बहादुर निवासी बाजुरा नेपाल
4. जयचंद उर्फ बॉबी, 38 वर्ष निवासी कालिदास रोड देहरादून।
5. छोटू 22 वर्ष, निवासी कालिदास रोड देहरादून।
6. प्रियांश 20 वर्ष, निवासी कालिदास रोड देहरादून।
7. सर कटेल धामी 22 वर्ष पुत्र अनवीर धामी देहरादून ।
