हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कुमाऊं दौरे के दौरान नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जनपद को कई विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने हल्द्वानी में अत्याधुनिक मीडिया सेंटर भवन का शिलान्यास किया, जबकि खटीमा में पुस्तकालय, व्यायामशाला समेत विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं का शुभारंभ किया।
हल्द्वानी में मुख्यमंत्री ने करीब 6 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मीडिया सेंटर भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ हैं और समाज को सही दिशा देने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि सरकार पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। नया मीडिया सेंटर बनने से कुमाऊं क्षेत्र के पत्रकारों को समाचार संकलन और संवाद के लिए आधुनिक संसाधनों से युक्त बेहतर मंच मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने सूचना विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सूचना महानिदेशक के विशेष प्रयासों से यह महत्वपूर्ण परियोजना अब धरातल पर उतर रही है, जिससे पत्रकारों को कार्य करने में और अधिक सुविधा मिलेगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री खटीमा पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 89 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने ब्लॉक परिसर में स्थापित हाईटेक दीदी लाइब्रेरी का उद्घाटन किया और वहां मौजूद छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तकालय केवल किताबों का संग्रह नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य निर्माण का सशक्त माध्यम बनेगा। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें, अध्ययन सामग्री और शांत वातावरण उपलब्ध रहेगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा और उनकी आय में भी वृद्धि होगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने 7.50 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत एवं आधुनिकीकृत व्यायामशाला भवन का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है और आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस, खेलकूद तथा अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को कुमाऊं क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, युवा सशक्तिकरण और पत्रकार हितों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

