यू ट्यूबर सौरभ जोशी के साथ मुख्यमंत्री धामी ने की लक्ष्य की शुरूआत

कॉर्बेट में पौधा लगाते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सौरभ जोशी।

Spread the love

रामनगर। उत्तराखंड के वन प्रभागों व टाइगर रिजर्व में 40 हजार से अधिक फलदार पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कॉर्बेट पार्क में फलदार पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अपनी मां बिशना देवी के नाम पर एक फलदार पौधा लगाया। इस अभियान में यू ट्यूबर सौरभ जोशी ने भी अपनी मां के नाम से पौधा लगाकर मुख्यमंत्री का साथ दिया। मुख्यमंत्री ने कॉर्बेट कर्मचारियों के साथ करीब डेढ़ किमी क्षेत्र में मानसून गश्त भी की।
उत्तराखंड में वन्य जीवों के जंगल से आबादी क्षेत्रों में पहुंचने से मानव वन्य जीव संघर्ष बढ़ रहा है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के वन प्रभागों व टाइगर रिजर्व में 40 हजार से अधिक फलदार पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है। रविवार को कॉर्बेट पार्क पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी मां के नाम से पौधा लगाकर इस अभियान की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि फलदार पेड़ जंगल में लगेंगे तो वन्य जीवों को भोजन की तलाश में जंगल से बाहर नहीं आना पड़ेगा और मानव वन्य जीव संघर्ष की घटनाएं रूकेंगी। इस दौरान उन्होंने के ढेला, झिरना और फाटो जोन में जंगल सफारी कर वन्यजीवों के दीदार किए। उन्होंने कॉर्बेट कर्मचारियों से मुलाकात कर उनके साथ करीब डेढ़ किमी क्षेत्र में मानसून गश्त भी की। उन्होंने कहा कि मानव वन्यजीव संघर्ष एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि कॉर्बेट के रेस्क्यू सेंटर को और विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कॉर्बेट से सटा फाटो जोन सालभर खुला रहेगा, ताकि यहां वर्ष भर पर्यटक आएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ढेला रेस्क्यू सेंटर को विस्तार देने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध कर रहे हैं। उनके साथ कार्बेट निदेशक साकेत बडोला भी थे।