हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के साथ ही एक बार फिर मारपीट की घटना सामने आई है। बहादराबाद थाना क्षेत्र में मसाज कर रहे एक युवक को कुछ कांवड़ियों ने मामूली विवाद के बाद घेरकर पीटना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर युवक को भीड़ के चंगुल से बाहर निकाला, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि पतंजलि योगपीठ पुल के नीचे एक युवक कांवड़ियों की मसाज कर रहा था। इसी दौरान एक कांवड़िए की तबीयत बिगड़ने की बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कुछ कांवड़ियों ने युवक पर हमला कर दिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय व्यापारियों और युवकों ने भी बीच-बचाव कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है।



