हल्द्वानी। बनभूलपुरा के लाइन नंबर 16 में सोमवार देर रात एसी की बाहरी यूनिट में आए करंट ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। एसी की मरम्मत कर रहे 45 वर्षीय नदीम करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के लिए आगे आई उनकी 12 वर्षीय बेटी अल्जिबा भी हादसे की चपेट में आ गई। दोनों को परिजन तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार नदीम मुखानी थाना क्षेत्र में कार गैराज चलाते थे। सोमवार देर रात उन्हें घर में लगे एसी की बाहरी यूनिट में करंट आने की जानकारी मिली। वह यूनिट की जांच करने पहुंचे। इस दौरान उनकी बड़ी बेटी अल्जिबा टॉर्च की रोशनी से उनकी मदद कर रही थी।
इसी बीच नदीम को करंट लग गया। पिता को परेशानी में देखकर अल्जिबा ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और जैसे ही उसने पिता को छुआ, वह भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों को अचेत अवस्था में देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन उन्हें तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर दोनों को बचा नहीं सके।
नदीम अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
हादसे की सूचना पर यूपीसीएल के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। यूपीसीएल के टाउन उपखंड अधिकारी मनीष जोशी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घर के भीतर की विद्युत लाइन में करंट आने की जानकारी मिली है। एसी पर काम करने के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है।
वहीं, एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।



