जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों के खिलाफ कई दिनों से चल रहे तलाशी अभियान के बीच बुधवार सुबह एक बार फिर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। जंगलपोरा इलाके में हुई इस मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों का मुख्य निशाना लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर मोहम्मद लतीफ भट है। वह 16 नवंबर को हुई मुठभेड़ के दौरान घेराबंदी से निकलने में कामयाब रहा था। इसके बाद से ही सुरक्षाबल उसकी तलाश में जुटे हैं।
पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम बुधवार सुबह इलाके में तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान आतंकियों से संपर्क हुआ और दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। सोमवार को हुई मुठभेड़ में आतंकी उमर निसार डार मारा गया था। उसके बाद दो दिनों तक गोलीबारी नहीं हुई, लेकिन सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान जारी रखा। बुधवार सुबह फिर आतंकियों की मौजूदगी मिलने पर मुठभेड़ शुरू हो गई।
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ की चौकी पर आतंकियों ने हमला किया था। इसमें तीन जवान घायल हो गए थे। जांच में लतीफ भट और उमर निसार डार की संलिप्तता सामने आई थी। अधिकारियों के अनुसार, दोनों ने हमले से पहले इलाके की रेकी भी की थी। सोमवार को उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट फरार हो गया। अब उसकी तलाश में सुरक्षाबलों ने अभियान तेज कर दिया है।




