हल्द्वानी। नैनीताल जिले के रामनगर में बाघ के हमले में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। शुक्रवार को उत्तरी जसपुर फाटो के जंगल में बकरियां चराने गए युवक पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद बाघ उसे घसीटकर जंगल के भीतर ले गया। घटना की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद फायरिंग कर शव को बाघ के कब्जे से छुड़ाया।
फाटो निवासी दिलशाद शुक्रवार शाम अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ जंगल में बकरियां चराने गया था। इसी दौरान बाघ ने उस पर हमला कर दिया। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाघ युवक को करीब 200 मीटर दूर तक घसीट ले गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बाघ को हटाने के लिए फायरिंग की गई, जिसके बाद युवक का शव बरामद किया जा सका। शव को पोस्टमार्टम के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। रेंजर कृपाल सिंह बिष्ट ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।




