रामनगर में आबादी के पास बाघ का खौफ, घोड़े को खींचकर जंगल ले गया टाइगर

Spread the love

रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे ढिकुली गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आबादी के बिल्कुल करीब एक बाघ ने घोड़े पर हमला कर दिया और लोगों के सामने ही उसे खींचकर जंगल की ओर ले गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया गया कि ढिकुली गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे झुलापुल के पास एक मैदान में घोड़ा खड़ा था। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक बाघ बाहर आया और घोड़े पर हमला कर दिया। बाघ ने घोड़े को अपने कब्जे में लिया और उसे खींचते हुए जंगल की ओर बढ़ने लगा।

मौके पर मौजूद लोगों और बच्चों ने शोर मचाकर बाघ को रोकने की कोशिश की, लेकिन बाघ पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा। वह घोड़े को घसीटते हुए झाड़ियों की तरफ ले गया और देखते ही देखते जंगल में ओझल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के सर्पदुली रेंज की वन टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जिस स्थान पर बाघ ने हमला किया, उसके आसपास कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के साथ रामनगर वन प्रभाग के जंगल की सीमा भी पड़ती है।

ग्रामीणों के मुताबिक, इस क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी पहले भी देखी जाती रही है। इससे पहले भी बाघ गायों और एक बैल समेत पालतू मवेशियों पर हमला कर चुका है। वन क्षेत्र के नजदीक होने के कारण ग्रामीणों में पहले से ही बाघ को लेकर चिंता बनी हुई है।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, जंगल की सीमा से लगे इलाकों में बाघों को आसानी से शिकार मिलने पर वे आबादी के आसपास भी घूमते हैं। गाय, घोड़े और कुत्ते जैसे घरेलू जानवर उनके लिए आसान शिकार बन जाते हैं। इसी वजह से जंगल से सटे गांवों में मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा बढ़ जाता है।

फिलहाल इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आबादी के नजदीक बाघ की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग की टीम क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों ने भी जंगल के आसपास और खासकर शाम के बाद सतर्क रहने की अपील की है।