बोर्ड परीक्षा की तैयारी: 9वीं और 11वीं के छात्रों का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, सिर्फ 10 रुपये शुल्क

Spread the love

हल्द्वानी। उत्तराखंड बोर्ड की वर्ष 2028 में होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को लेकर अभी से प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने कक्षा नौवीं और 11वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए इन कक्षाओं के छात्रों का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।

परिषद ने पंजीकरण के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक का समय निर्धारित किया है। खास बात यह है कि इस बार पंजीकरण शुल्क महज 10 रुपये रखा गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के बाद शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा और अंतिम तिथि बढ़ाने की संभावना भी नहीं है।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंढियाल के अनुसार, कक्षा नौवीं और 11वीं के विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण होने से वर्ष 2028 में प्रस्तावित 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संभावित संख्या का अनुमान लगाया जा सकेगा।

विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां अध्ययनरत शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का पंजीकरण निर्धारित समय के भीतर सुनिश्चित करें। इसके लिए प्रदेश के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

बोर्ड के अनुसार कक्षा नौवीं या 11वीं में अनुत्तीर्ण हो चुके विद्यार्थियों को भी नए सिरे से पंजीकरण कराना होगा। इस बार पंजीकरण प्रक्रिया में एक और बदलाव किया गया है। कक्षा नौवीं और 11वीं के व्यक्तिगत छात्र-छात्राएं भी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

बोर्ड की ओर से बताया गया है कि ऑनलाइन पंजीकरण से संबंधित पोर्टल नवंबर से खोला जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों का विवरण बोर्ड कार्यालय तक ऑनलाइन पहुंचेगा।