डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। बाजार से घर लौटा युवक अपने घर नहीं पहुंचा, बल्कि देर रात उसका खून से लथपथ शव सड़क किनारे पड़ा मिला। सिर और शरीर पर मिले गंभीर चोटों के निशानों ने मामले को हत्या की ओर मोड़ दिया। पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर एक वाहन चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात डीडीहाट-दूनाकोट मार्ग पर कफलवा बैंड के पास राहगीरों की नजर सड़क किनारे पड़े एक युवक पर पड़ी। युवक खून से लथपथ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान हुनेरा निवासी 37 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चौहान के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया।
मृतक की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनका बेटा डीडीहाट बाजार से एक वाहन चालक के साथ घर के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में उसकी हत्या कर दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित वाहन चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर घटना की हर कड़ी को जोड़ा जा रहा है। हत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है। सड़क किनारे युवक का शव मिलने की घटना से पूरे डीडीहाट क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा कर दोषी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।


