दिल्ली। बुधवार की रात कुलदीप सेवानी अपने दिल्ली के दक्षिण पूर्वी इलाके लाजपत नगर स्थित घर पहुंचे। घर का दरवाजा बाहर से बंद था। उसने आवाज लगाई और फोन किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। घर की सीढ़ियों पर खून टपका हुआ था। उसने रात करीब 9.43 बजे पुलिस को फोन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर जाते ही कुलदीप के होश उड़ गए। उसकी पत्नी और बेटे की खून से लथपथ लाश पड़ी हुई थी। कुलदीप की तहरीर के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया वारदात बुधवार शाम साढ़े सात बजे से साढ़े आठ बजे के बीच हुई। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
देश की राजधानी दिल्ली के लाजपत नगर इलाके से गुरुवार को डबल मर्डर की एक घटना सामने आई। जहां एक महिला और उसके बेटे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस खौफनाक हत्या के पीछे की कहानी हैरान करने वाली है। 42 वर्षीय रुचिका और कुलदीप सेवानी लाजपत नगर बाजार में कपड़ों की दुकान चलाते थे। उनका 14 वर्षीय बेटा कृष कक्षा 10वीं का छात्र था। 24 वर्षीय मुकेश कुमार निवासी हाजीपुर, बिहार पिछले तीन-चार साल से कुलदीप की दुकान पर सहायक और ड्राइवर का काम कर रहा था।
मुकेश ने अपनी सगाई के लिए रुचिका से 40,000 रुपये से अधिक रुपये उधार लिए थे। इसके बाद वह आठ दिन की छुट्टी लेकर अपने गांव चला गया, लेकिन वह 25 दिन बाद भी वापस नहीं लौटा। वापस लौटने पर उसने कुछ दिन की अतिरिक्त छुट्टी और रुपये मांगे, जिसको लेकर उसका कुलदीप और रुचिका के साथ झगड़ा हो गया। पुलिस के अनुसार दंपत्ति मुकेश से कई बार उधार के रुपए और उसे दिए दो मोबाइल फोन भी लौटाने को कहा था। पुलिस के अनुसार बुधवार को दिन के समय रुचिका ने कुलदीप को किसी बात पर डांटा था। जिसका बदला लेने के लिए उसने हत्याकांड को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार बुधवार को कुलदीप अपनी दुकान पर था। मुकेश ने उससे कहा कि वह कपड़ा लेने के लिए घर के गोदाम जा रहा है। इसके बाद वह एक धारदार हथियार लेकर घर पहुंचा गया। पुलिस ने बताया कि मुकेश घर पहुंचा और उसने घंटी बजाई। उसने रुचिका से कहा कि उसे गोदाम से सामान लेना है। अंदर घुसते ही उसने कथित तौर पर हथियार से उस पर हमला कर दिया। इस दौरान रुचिका का शोर सुनकर उसका 14 वर्षीय बेटा आ गया। इसके बाद बाथरूम के पास छिपे मुकेश ने उस पर भी हमला कर कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद टीम का गठन किया। आरोपी की तस्वीर अन्य राज्यों की पुलिस व रेलवे पुलिस के साथ साझा की गई। पुलिस ने मुकेश को उत्तर प्रदेश में एक ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि वह अपने गांव भागने की फिराक में था। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। इसलिए वह काम पर नहीं गया था। जब वह वापस लौटा तो उसकी मालकिन ने उसको डांटा। साथ ही उधार लिए हुए 40 हजार रुपए भी मांगे। गुस्से में आकर उसने पहले मालकिन की हत्या की। उसी दौरान उनका बेटा जो बाथरूम में था। उसने शोर मचाया तो उसने उसे भी मार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद मुकेश ने घर को बाहर से बंद कर दिया और अपना सामान लेकर भाग गया।
