अल्मोड़ा में रिश्तों का खौफनाक अंत: दामाद ने सास और पत्नी के साथ मिलकर की ससुर की हत्या, वारदात के बाद फरार

Spread the love

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। धौलादेवी ब्लॉक के सेली गांव में एक व्यक्ति की कथित तौर पर उसके ही दामाद, बेटी और पत्नी ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि दामाद ने धारदार हथियार से ससुर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी दामाद अपनी पत्नी को लेकर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अप्रैल में हुई थी बेटी की शादी

मृतक की पहचान चंद्रशेखर पांडे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार उनकी बड़ी बेटी जानकी का विवाह अप्रैल 2026 में हरियाणा के हांसी निवासी धर्मवीर के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद चंद्रशेखर अपने पैतृक गांव सेली लौट आए थे और खेती-बाड़ी का काम कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि 20 जून को उनकी बेटी जानकी और दामाद धर्मवीर अचानक गांव पहुंचे। अगले दिन परिवार के भीतर किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।

धारदार हथियार से किए गए कई वार

परिजनों के आरोप के अनुसार धर्मवीर ने अपनी पत्नी जानकी और सास खष्टी देवी के साथ मिलकर चंद्रशेखर पांडे पर हमला कर दिया। हमले के दौरान धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया। बताया जा रहा है कि मृतक के शरीर पर एक दर्जन से अधिक वार किए गए, जिससे उनके हाथ-पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सिर पर भी गंभीर चोटें आईं।हमले के बाद घायल चंद्रशेखर को कमरे में छोड़ दिया गया और आरोपी मौके से भाग निकले।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल चंद्रशेखर को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए हल्द्वानी रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मृत्यु हुई।

मृतक के पिता नारायण दत्त पांडे की शिकायत पर पुलिस ने धर्मवीर, जानकी और खष्टी देवी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि पारिवारिक विवाद ने हत्या जैसी भयावह वारदात का रूप ले लिया। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों और पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है।