प्रशासन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता जरूरीः सुमित

आवास विकास में आयोजित आपत्ति कैंप में अधिकारियों से बातचीत करते विधायक सुमित हृदयेश।

Spread the love

हल्द्वानी। विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासन पर अतिक्रमण के नाम पर लोगों के मकान तोड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध किया है। कहा कि वे प्रशासन की मनमानी नहीं चलने देंगे।
गुरुवार को विधायक सुमित हृदयेश ने आवास विकास स्थित पंचेश्वर मंदिर परिसर में प्रशासन की ओर से लगाए गए आपत्ति कैंप का दौरा किया। जहां उन्होंने अतिक्रमण के नाम पर स्थानीय निवासियों को भेजे जा रहे नोटिसों पर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने इसको लेकर आपत्ति दर्ज कराई। सुमित हृदयेश ने कहा कि प्रशासन लगातार गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को निशाना बना रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि हल्द्वानी की जमीनी हकीकत जाने बिना कोई भी बाहरी अधिकारी यहां अपनी सनक नहीं थोप सकता। उन्होंने कहा कि प्रशासन का यह एकतरफा रवैया और गुंडा राज किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि मैंने इन गलियों में अपना बचपन बिताया है। यहां की हर गली, हर परिवार से मेरा गहरा नाता है। मैं किसी भी सूरत में एक भी गरीब का आशियाना उजड़ने नहीं दूंगा। प्रशासन चाहे जितनी कोशिश कर ले, मैं जनता के साथ खड़ा हूं और खड़ा रहूंगा। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता के हितों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अपनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लानी होगी और पहले सभी आपत्तियों का निस्तारण करना होगा। उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
बता दें कि कुछ दिन पहले भी विधायक सुमित हृदयेश ने सुभाष नगर में आयोजित आपत्ति शिविर में पहुंचे थे। वहां उन्होंने दर्जनों आपत्तियां प्रशासन के समक्ष रखी थीं। उन्होंने अधिकारियों से इन आपत्तियों का स्पष्ट और लिखित उत्तर मांगा था। लेकिन अधिकारियों ने उन्हें आज तक कोई जवाब दिया है।