चंपावत में दर्दनाक सड़क हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; एसएसओ समेत दो की मौत

Spread the love

चंपावत जिले के पाटी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। कानाकोट-सिरतोली मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। कार संख्या यूके-04-6677 कानाकोट से लोहाघाट की ओर जा रही थी। सिरतोली के पास सड़क पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे में कार के वाहन स्वामी एवं चालक कमल सिंह बोहरा (58) पुत्र रघुवर सिंह, निवासी कानाकोट और बबलू चौधरी (38) पुत्र गंगा चौधरी, निवासी वार्ड नंबर 18, बगही बकुलिया, टोला, डाकघर बगही रतनपुर, थाना बैरिया, पश्चिमी चंपारण, बिहार गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसी दौरान वहां से गुजर रही अद्वैत आश्रम मायावती लोहाघाट की एंबुलेंस की मदद से दोनों को उपजिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी के अनुसार दोनों शवों का पोस्टमार्टम लोहाघाट में किया गया।

मृतक कमल सिंह बोहरा लोहियाहेड पावर हाउस, खटीमा में एसएसओ के पद पर कार्यरत थे, जबकि बबलू चौधरी कारपेंटर का काम करते थे। स्थानीय जानकारी के मुताबिक दोनों लोहाघाट में सामान खरीदने के लिए जा रहे थे।

जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर सड़क काफी संकरी है। बताया गया कि एंबुलेंस को रास्ता देने के दौरान कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई। हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।