हरिद्वार के मंगलौर में गंगनहर किनारे मिले एक अज्ञात महिला के शव की जांच शुरू हुई तो मामला धीरे-धीरे ऐसे राज तक पहुंच गया, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। जिस महिला की पहचान तक पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी, उसकी हत्या के पीछे कथित तौर पर कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उसकी सौतेली बेटी और बेटी का प्रेमी ही निकले। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में 18 अगस्त को गंगनहर किनारे एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। महिला के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान बताए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। शव को सिविल अस्पताल रुड़की की मोर्चरी में रखा गया। मामला गंभीर होने के कारण एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे सुराग मिले, जिनसे महिला की पहचान और घटना की कड़ियां जुड़ने लगीं।
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि मृतका की सौतेली बेटी का एक युवक से प्रेम संबंध था। महिला इस रिश्ते से नाराज थी और बेटी को समझाती थी। पुलिस का दावा है कि बेटी और उसके प्रेमी ने महिला को अपने रिश्ते में बाधा मानते हुए उसकी हत्या की साजिश रची।
जांच में सामने आया कि सौतेली बेटी अपनी मां को मंदिर ले जाने की बात कहकर कार में लेकर निकली थी। पुलिस के अनुसार, रास्ते में उसका प्रेमी भी उनके साथ था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर महिला पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को मंगलौर गंगनहर पुल के पास ठिकाने लगाने की कोशिश की गई, लेकिन शव नहर के किनारे ही रह गया।
महिला का शव मिलने के बाद शुरू हुई जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर कथित तौर पर हत्या की पूरी कड़ी जोड़ ली। पुलिस ने घटना के करीब 18 घंटे के भीतर सौतेली बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।



