अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। कफड़खान-सिरकोट-शैल मोटरमार्ग पर गधोली क्षेत्र के सुंदरपुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली संख्या यूके 02 सीए 0073 अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ाई के दौरान संतुलन खो बैठी और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम क्षेत्र और गहरी खाई होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ के जवान रस्सियों के सहारे खाई में उतरे और काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला। बाद में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 26 वर्षीय चत्ते राजी निवासी कैलाली, नेपाल और 22 वर्षीय उमेश निवासी अजीतपुर, रामपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा दीवारें लगाने की मांग उठाई है।

