कोसी नदी में मिला लापता महिला का शव, तीन दिन से चल रही थी तलाश

Spread the love

अल्मोड़ा। जिले के रानीखेत क्षेत्र में तीन दिन से लापता एक महिला का शव कोसी नदी से बरामद होने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान सुनियाकोट गांव निवासी 43 वर्षीय खष्टी देवी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार महिला चार जून से घर से लापता थी। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। शनिवार को स्थानीय लोगों ने द्वारसों-काकड़ीघाट मार्ग स्थित पुल के नीचे कोसी नदी में एक शव देखा, जिसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव की पहचान होने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

ग्राम प्रधान के अनुसार महिला कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।