हल्द्वानी। नैनीताल जिला के भीमताल ब्लॉक अंतर्गत भद्ययूनी क्षेत्र में बाघ के हमले में 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कमल सिंह बिष्ट, पुत्र इंद्र सिंह बिष्ट, के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कमल बिष्ट 24 अप्रैल 2026 को देर रात एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर रेंज के पास घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमला इतना तेज़ था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से बाघ की गतिविधियां लगातार बढ़ रही थीं, लेकिन समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और हमलावर बाघ को जल्द पकड़ने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पिछले एक महीने में बाघ के हमले से तीसरी मौत और दो दिनों के भीतर दूसरी घटना है, जिससे इलाके में दहशत और भी बढ़ गई है। वन विभाग की टीम बाघ की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

