कुमाउनी भाषा की मिठास से गूंजा शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल, बच्चों ने दिए जागरूकता के संदेश

Spread the love

हल्द्वानी। सौहार्द जन सेवा समिति द्वारा कुमाउनी भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के बारहवें दिन शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल का परिसर कुमाऊनी भाषा की मिठास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया। विद्यालय में आयोजित कुमाउनी कविता एवं भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति की अध्यक्ष विद्या महतोलिया, विद्यालय के प्रधानाचार्य पीसी अधिकारी एवं निदेशिका नीलम शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद बच्चों ने कुमाऊनी भाषा में नशा मुक्ति, देश प्रेम, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर प्रभावशाली कविता पाठ और भाषण प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में कुल 30 बच्चों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का संचालन गीता पांडे ने किया, जबकि शिक्षिका नमिता जोशी ने संयोजन की जिम्मेदारी निभाई। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को न केवल अपनी मातृभाषा से जोड़ने का संदेश दिया, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता भी पैदा की।
इस अवसर पर अध्यक्ष विद्या महतोलिया ने कहा कि संस्था का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और संस्कृति से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि कुमाऊनी भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और विरासत है।
कार्यक्रम में क्लासिकल गायिका ज्योति पांडे और कुमाऊनी संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्यरत लता कुंजवाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के परिणामों में भाषण प्रतियोगिता में तेजस ने प्रथम, जैस्नवी तिवारी ने द्वितीय तथा काव्यांजलि मठपाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कविता प्रतियोगिता में प्रथमेश जोशी प्रथम, नव्या जोशी द्वितीय और हर्षल पांडे व वैभव वनकोटी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की निदेशिका नीलम शर्मा ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब विद्यालय की प्रार्थना सभा में नियमित रूप से बच्चों से कुमाऊनी भाषा में दो मिनट का भाषण कराया जाएगा, ताकि बच्चों में अपनी मातृभाषा के प्रति आत्मीयता और आत्मविश्वास बढ़ सके।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षक पीसी पंत, संरक्षिका नीरजा बोरा, उपाध्यक्ष तनुजा पांडे, सह-उपाध्यक्ष पूर्णिमा पांडे, संयुक्त सचिव शशि जोशी, सचिव विद्या जोशी, जनसंपर्क अधिकारी माया उप्रेती, सदस्य पुनीता पांडे एवं रीता का विशेष सहयोग रहा।