किच्छा। किच्छा क्षेत्र में एक कैफे में कार्यरत युवती ने स्थानीय युवक पर लगातार पीछा करने, छेड़छाड़, जबरन बातचीत का दबाव बनाने और अगवा करने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पीड़िता के अनुसार, आदिल खान पुत्र अकरम खान, निवासी ग्राम दरऊ, थाना किच्छा पिछले करीब डेढ़ से दो महीने से उसके ड्यूटी पर आने-जाने के दौरान रास्ता रोककर बातचीत करने का दबाव बनाता था। शिकायत में कहा गया है कि विरोध करने पर आरोपी अभद्र भाषा का प्रयोग करता और लगातार मानसिक रूप से परेशान करता रहा।
युवती ने आरोप लगाया कि उसने कई बार आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। शिकायत के मुताबिक आरोपी उसे फोन कर बार-बार संपर्क करता था और कथित तौर पर उसे अगवा करने तथा शिकायत करने पर बदनाम करने की धमकी देता था। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे अपनी प्रेमिका बताकर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी कर रहा था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी खुद को प्रभावशाली बताते हुए कहता था कि उसके चाचा गफ्फार खान ग्राम प्रधान हैं और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। युवती के अनुसार, इसी कथित प्रभाव का हवाला देकर उसे पुलिस में शिकायत न करने के लिए डराया गया।
उल्लेखनीय है कि शिकायत में जिन गफ्फार खान का जिक्र किया गया है, उनके संबंध में सार्वजनिक रिपोर्टों में यह उल्लेख किया गया है कि वह बरेली में हाल में हुई सांप्रदायिक हिंसा से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार हुआ था और जमानत पर रिहा हुआ है।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


