जिस मिठाई को ग्राहकों को बेच रहा था, वही खुद खाने से मुकर गया दुकानदार! एसडीएम के सामने हुआ ऐसा मामला कि मिठाइयां उठवाकर फिंकवाई गईं

स्रोत सोशलमीडिया

Spread the love

मिठाई की दुकान पर ग्राहक मिठाई खरीदने से पहले उसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल करे तो यह आम बात है, लेकिन उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में प्रशासन की छापेमारी के दौरान जो हुआ, उसने पूरे मामले को ही चर्चा में ला दिया।

त्योहारों के मद्देनजर जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम मौदहा कस्बे में मिठाई की दुकानों की जांच करने पहुंची थी। इसी दौरान टीम मां वैष्णो जय भवानी स्वीट हाउस पर पहुंची। दुकान में रखी मिठाइयों की जांच के दौरान अधिकारियों की नजर सिल्वर वर्क लगी मिठाई पर पड़ी।

इसके बाद अधिकारियों ने दुकान संचालक अन्नी बाबा को उसी मिठाई का एक टुकड़ा खाने के लिए कहा। दुकानदार ने अपनी ही दुकान की मिठाई खाने से साफ इनकार कर दिया। अधिकारियों के बार-बार कहने के बावजूद वह मिठाई खाने के लिए तैयार नहीं हुआ। मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी यह घटनाक्रम सोशल मीडिया में भी चर्चा का विषय बन गया।

दुकानदार के इनकार के बाद अधिकारियों ने मिठाइयों के सैंपल भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे और मौके पर मौजूद मिठाइयों को उठवाकर नष्ट करा दिया। पूरी कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया।

प्रशासन और खाद्य विभाग की कार्रवाई सिर्फ मां वैष्णो जय भवानी स्वीट हाउस तक सीमित नहीं रही। मौदहा कस्बे में कई मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त गोरी शंकर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए और उन्हें जांच के लिए लैब भेजा।