घायल बाघ के करीब दौड़ाई जिप्सी, वन विभाग सख्त; चालक और वाहन पर आजीवन प्रतिबंध

Spread the love

रामनगर। कॉर्बेट से सटे फाटो पर्यटन क्षेत्र में वन्यजीव नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। एक जिप्सी चालक ने जंगल सफारी के दौरान एक घायल बाघ के बेहद करीब वाहन दौड़ा दिया, जिससे बाघ घबराकर सड़क छोड़ झाड़ियों में छिपने को मजबूर हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने संबंधित चालक और जिप्सी को पर्यटन जोन में आजीवन प्रतिबंधित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार की दोपहर की पाली में हुई। फाटो जोन में अक्सर दिखाई देने वाला ‘भोला’ नामक बाघ इन दिनों पैर की समस्या के कारण सामान्य से धीमी गति से चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाघ सड़क पर आगे बढ़ रहा था, तभी सामने से आ रही एक जिप्सी उसकी ओर तेजी से बढ़ी।

बताया जा रहा है कि बाघ ने वाहन से बचने के लिए अपनी गति बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन चालक ने वाहन रोकने या सुरक्षित दूरी बनाए रखने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया। इससे घबराकर बाघ सड़क किनारे झाड़ियों में चला गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाघ असहज स्थिति में नजर आ रहा है।

मामले की जानकारी वन विभाग तक पहुंचने के बाद अधिकारियों ने जांच की। जांच में चालक की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। वन विभाग ने संबंधित जिप्सी और चालक को फाटो पर्यटन क्षेत्र सहित तराई पश्चिमी वन प्रभाग के पर्यटन जोनों में आजीवन प्रवेश से प्रतिबंधित कर दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना और निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही वन्यजीवों के साथ-साथ पर्यटकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकती है। इसी वजह से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।