बंधक जमीन का सौदा कर 4.25 करोड़ की कथित ठगी, दो आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

Spread the love

काशीपुर। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में जमीन और फैक्ट्री के सौदे के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दिल्ली की एक औद्योगिक कंपनी के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि बैंक में गिरवी रखी गई जमीन को बेचने का सौदा कर उनसे करीब 4.25 करोड़ रुपये वसूले गए। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शिकायत के अनुसार, दिल्ली स्थित एक निजी कंपनी उत्तराखंड में अपनी नई औद्योगिक इकाई स्थापित करना चाहती थी। इसी उद्देश्य से वर्ष 2022 में काशीपुर निवासी एक व्यक्ति के साथ जमीन और फैक्ट्री खरीदने को लेकर समझौता किया गया। सौदे के तहत कंपनी ने अग्रिम भुगतान के रूप में बड़ी धनराशि चेक और बैंक ट्रांसफर के जरिए दी।

बताया गया कि उत्पादन कार्य शीघ्र शुरू करने के लिए संबंधित फैक्ट्री को किराये पर भी लिया गया, जिस पर कंपनी ने मशीनों की मरम्मत और संचालन के लिए लाखों रुपये खर्च किए। इसके अलावा फैक्ट्री से तैयार माल खरीदने के एवज में भी बड़ी रकम का लेन-देन हुआ। आरोप है कि बाद में कंपनी को जानकारी मिली कि जिस जमीन का सौदा किया गया था, वह पहले से ही बैंक में बंधक थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इसके बावजूद उनसे लगातार धनराशि ली जाती रही। इतना ही नहीं, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर फैक्ट्री खाली कराने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और धमकी से जुड़े आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।