गोरापड़ाव में जुए की महफिल पर हथियारबंद बदमाशों का धावा, नकदी के साथ सोने के गहने भी लूटे

Spread the love

हल्द्वानी के गोरापड़ाव में बुधवार रात एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। एक जगह करीब दस लोग ताश खेल रहे थे। रात करीब साढ़े सात बजे अचानक दो गाड़ियों में सवार हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, बदमाशों ने हथियार निकालकर सभी को अपने कब्जे में ले लिया।

बताया जा रहा है कि करीब 8 से 10 बदमाश एक स्कॉर्पियो और सफेद रंग की कार से पहुंचे थे। बदमाशों ने अंदर घुसते ही हथियारों के बल पर लोगों को घेर लिया। इसके बाद वहां रखी नकदी को अपने कब्जे में लेना शुरू कर दिया।

बदमाश सिर्फ फड़ पर रखी रकम लेकर नहीं रुके। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद लोगों की जेबें तक तलाशी और नकदी छीन ली। इसके अलावा कुछ लोगों के गले से सोने की चेन और अंगुलियों से अंगूठियां भी उतरवा ली गईं। जाते-जाते बदमाशों ने धमकी दी और दोनों वाहनों में बैठकर फरार हो गए।

सूत्रों के अनुसार, वारदात का शिकार हुए लोगों में कारोबारी और प्रापर्टी डीलर भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग गोरापड़ाव और हल्द्वानी क्षेत्र के रहने वाले हैं और अक्सर इसी जगह पर इकट्ठा होते थे। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ और कोतवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ितों से पूरी जानकारी जुटाई और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक बदमाश जिन गाड़ियों से आए थे, उन्हीं से वापस फरार हुए। हाईवे और आसपास लगे कैमरों की फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकती है। बताया गया है कि एक कैमरे से एक वाहन के संबंध में जानकारी भी मिली है।

पुलिस ने आरोपितों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं और दूसरे थानों को भी अलर्ट किया गया है। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।