हल्द्वानी। नैनीताल जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। काठगोदाम थाना क्षेत्र के रानीबाग के पास सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने आंगनबाड़ी से घर लौट रही 5 वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बच्ची करीब 20 मीटर तक बस के साथ घसीटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक बच्ची की पहचान कनक के रूप में हुई है, जो आंगनबाड़ी से घर लौट रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि साथ चल रहे दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बस को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने समय रहते वाहन नहीं रोका। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने बस में तोड़फोड़ कर उसके शीशे तोड़ दिए और नैनीताल-भीमताल मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया और यातायात बहाल किया गया।
पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बच्ची का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और हल्द्वानी में मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

