सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में दो युवकों के साथ कथित तौर पर जबरन धार्मिक नारे लगवाने और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में टीमें गठित की हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले के देवसरा थाना क्षेत्र के रायगंज निवासी आफताब आलम अपने रिश्तेदार मोहम्मद जीशान के साथ सुल्तानपुर के ढकवा बाजार की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और अभद्र व्यवहार करते हुए धार्मिक नारे लगाने का दबाव बनाया।
https://www.facebook.com/share/v/17uuyuzLvh/
पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने दबाव में आकर नारे लगाए, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उनके पास मौजूद ड्रिल मशीन और करीब 25 हजार रुपये नकद भी छीन लिए। पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
आफताब आलम ने सक्षम पांडेय, कमल, चंदन और सूरज राजा समेत अन्य लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, कुछ अज्ञात युवक भी इस वारदात में शामिल थे।
पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद वह काफी सदमे में था, जिसके कारण तत्काल पुलिस से शिकायत नहीं कर सका। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और परिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद उसने चांदा कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मामले पर क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में वीडियो थाना चांदा क्षेत्र के परमापुर इलाके का पाया गया है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर दो आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अन्य संदिग्धों की पहचान और मामले की जांच जारी है।

