2027 की चुनावी जंग से पहले कांग्रेस का बड़ा मीडिया प्लान, पांच नेताओं को सौंपी कमान

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछने लगी है। चुनाव में अभी करीब सात महीने का समय है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने मीडिया और संचार तंत्र को मजबूत करने के लिए पांच नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी जिम्मेदारियों के मुताबिक पंखुड़ी पाठक को नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। वहीं प्रकाश मीणा, अरुण अग्रवाल, रितु चौधरी और आदित्य गर्ग को कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी दी गई है।

मुद्दों को जनता तक पहुंचाने पर फोकस

इन नेताओं की जिम्मेदारी केवल मीडिया से समन्वय तक सीमित नहीं रहेगी। उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ मिलकर पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों, जनहित के मुद्दों और संगठनात्मक गतिविधियों को मीडिया के माध्यम से जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का काम करना होगा।

उत्तराखंड जैसे राजनीतिक रूप से सक्रिय राज्य में चुनावी माहौल के दौरान मीडिया की भूमिका बेहद अहम हो जाती है। ऐसे में कांग्रेस की ओर से चुनाव से पहले मीडिया टीम को सक्रिय करना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि पार्टी अपने मुद्दों को ज्यादा व्यवस्थित और आक्रामक तरीके से जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है।

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। कांग्रेस के भीतर संगठन को मजबूत करने से लेकर जनता के मुद्दों को उठाने तक कई स्तरों पर तैयारियां चल रही हैं। इसी बीच मीडिया की जिम्मेदारियां तय किए जाने से पार्टी के चुनावी अभियान को एक स्पष्ट दिशा मिलने की उम्मीद है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस की नई मीडिया टीम सरकार के खिलाफ किन मुद्दों को चुनावी एजेंडे में प्रमुखता देती है और जनता के बीच अपनी बात किस अंदाज में पहुंचाती है। आने वाले महीनों में यही मीडिया रणनीति कांग्रेस के चुनावी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकती है।

Advertisement

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg